Showing posts with label खाओ पिओ बिंदास. Show all posts
Showing posts with label खाओ पिओ बिंदास. Show all posts

Saturday, May 23, 2009

अइयो आइसक्रीम!










वह दिन गए जब आइसक्रीम सिर्फ बच्चों की पसंद हुआ करती थी, बल्कि आज आइसक्रीम के दीवानों में बच्चों के साथ बड़ी संख्या में युवक-युवतियां और वयस्क भी शामिल हैं

वैसे तो आइसक्रीम का स्वाद वर्ष भर लोगों को अपना दीवाना बनाए रखता है, लेकिन बच्चे हों या बड़े गर्मियां शुरू होते ही आइसक्रीम पार्लरों में 'ठंडा-ठंडा कूल-कूल' होने के लिए पहुंच ही जाते हैं। अशोकनगर, गुमटी नंबर 5, स्वरूपनगर, मालरोड आदि जगहों में स्थित आइसक्रीम पार्लरों में दिन भर इसके प्रेमियों की चहलकदमी देखी जा सकती है।
इन दिनों शहर के आइसक्रीम पार्लरों में लवरनेस्ट और आइरिश जैसे नए-नवेले फ्लेवर्स में आइसक्रीम का स्वाद खूब मजे से लिया जा रहा है। गर्मियों के इस मौसम में कोल्डड्रिंक्स के बाद सबसे ज्यादा लुभाने वाली चीज है आइसक्रीम। वह दिन गए जब आइसक्रीम सिर्फ बच्चों की पसंद हुआ करती थी, बल्कि आज आइसक्रीम के दीवानों में बच्चों के साथ बड़ी संख्या में युवक-युवतियां और वयस्क भी शामिल हैं।
फ्लेवर्स की है भरमार
आइसक्रीम के बाजार में फ्लेवर्स की कोई कमी नहीं है। यहाँ इतनी वैरायटियां उपलब्ध हैं कि किसी एक को चुनना मुश्किल होता है। कंपनियां हर वर्ष ग्राहकों को लुभाने के लिए नये-नये फ्लेवर बाजार में उतारती हैं। सबसे ज्यादा पसंद किये जाने वाले फ्लेवर्स में अमेरिकन ब्लू, बटर स्काच, स्वील, केसर-पिस्ता आदि है।
युवाओं की खास पसंद 
आज आइसक्रीम के दीवानों का सबसे बड़ा वर्ग युवाओं का है। एक आइसक्रीम पार्लर संचालक अविनाश सिंह की मानें तो, ''युवाओं की पसंद को ही ध्यान में रखकर कंपनियां आइसक्रीम के नाम और फ्लेवर्स का निर्धारण करती हैं। तपिश और गर्मी भरे मौसम में युवा अपने फ्रेंड के साथ खिंचे चले आते हैं। यहां उन्हे तन और मन, दोनों को ही ताजा करने का मौका मिलता है।'
सोडा और शेक भी
आइसक्रीम के साथ ही सोडा और शेक भी पसंद किये जाते हैं। स्ट्राबेरी, मैंगो पाइनएप्पल, चीकू के साथ लीची के फ्लेवर में शेक का मजा लिया जा सकता है। इनमें वैरायटियां तो हैं ही, अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के फ्लेवर भी मौजूद हैं।
जमाना ज्यूस्टिक्स का
ब्रांडेड आइसक्रीम में कप्स एंड कोन के साथ ही ज्यूस्टिक्स भी काफी पसंद किए जा रहे हैं। च्वाइस आइसक्रीम के किशन चौरसिया बताते हैं, ''कंपनियों ने नींबू पानी और कई शर्बतों के फ्लेवर में ज्यूस्टिक्स बाजार में उतारे हैं। यह ग्राहकों को खूब लुभा रहे हैं। गर्मियों के इस मौसम में बर्थ डे, पिकनिक और पार्टियों में इनकी काफी डिमांड है।'
कायम है कुल्फी
शहर का आइसक्रीम मार्केट भले ही देशी-विदेशी ब्रांडेड आइसक्रीम से पटा हो लेकिन लोगों को मटका कुल्फी का स्वाद आज भी उतना ही पसंद आ रहा है। गली, मुहल्लों, चौराहों पर ठेलों पर बिकती मटके वाली फालूदा कुल्फी का अपना ग्राहक वर्ग है। फालूदा कुल्फी के शौकीन राजेश कहते हैं कि  बाजार में चाहे जितने फ्लेवर उपलब्ध हों, लेकिन मटके वाली कुल्फी की बात ही कुछ और है। इसे जहां चाहो आराम से खरीदो और खाओ, साथ ही दाम भी वाजिब होते हैं!